International News
ईरान के सुप्रीम लीडर कोमा में? मोजतबा खामेनेई की हालत गंभीर होने की रिपोर्ट से मचा हड़कंप
अमेरिका-इज़राइल हमलों के बाद नेतृत्व पर संकट, क़ुम में चल रहा इलाज—निर्णय लेने में असमर्थ बताए जा रहे
मध्य-पूर्व से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से बीमार हैं और फिलहाल किसी भी तरह के निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें क़ुम में इलाज के लिए रखा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में अमेरिका-इज़राइल के हमलों में उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद मोजतबा खामेनेई को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, वह खुद गंभीर रूप से घायल हैं और कथित तौर पर बेहोशी की हालत में इलाज करा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह जानकारी एक डिप्लोमैटिक मेमो के जरिए सामने आई है, जो अमेरिकी और इज़राइली खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर आधारित है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई “गंभीर स्थिति” में हैं और शासन से जुड़े किसी भी फैसले में शामिल नहीं हो पा रहे।
और भी पढ़ें : ईरान ने Donald Trump को ‘एस्केलेशन ट्रैप’ में अलौकिक हड़ताल से फँसाया: अमेरिका अब संकट के ‘नर्क’ में
क़ुम को शिया इस्लाम का धार्मिक केंद्र माना जाता है और यह ईरान की सत्ता और धर्म दोनों का अहम केंद्र है। यही वजह है कि यहां इलाज और अन्य गतिविधियों को लेकर हलचल तेज हो गई है।

इसी बीच, रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि दिवंगत अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारी भी क़ुम में चल रही है। यहां एक बड़े मकबरे के निर्माण की योजना बताई जा रही है, जिसमें परिवार के अन्य सदस्यों को भी दफनाया जा सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी आशंका जताई गई है कि मोजतबा खामेनेई की हालत इतनी गंभीर हो सकती है कि उन्हें भी उसी मकबरे में दफनाया जाए।
हालांकि, इन सभी दावों को लेकर अभी तक न तो अमेरिका और न ही ईरान की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ये रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो ईरान में सत्ता का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है, जिसका असर पूरे मध्य-पूर्व की राजनीति पर पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया की नजर इस घटनाक्रम पर टिकी हुई है।
