World News
क्या सुलझ गया Bermuda Triangle का सबसे बड़ा रहस्य? वैज्ञानिकों को द्वीप के नीचे मिला चौंकाने वाला ढांचा
अमेरिकी वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि Bermuda समुद्र तल से इतना ऊंचा क्यों है, इसका जवाब अब धरती के भीतर छिपे एक अनोखे भूगर्भीय ढांचे में मिल गया है।
दुनिया के सबसे रहस्यमयी इलाकों में गिने जाने वाले Bermuda Triangle को लेकर दशकों से कई कहानियां और सिद्धांत सामने आते रहे हैं। कभी जहाजों के गायब होने की बातें, तो कभी विमानों के रहस्यमयी हादसे — इस जगह ने हमेशा लोगों की जिज्ञासा बढ़ाई है।
लेकिन अब वैज्ञानिकों ने Bermuda से जुड़ा एक और बड़ा रहस्य सुलझाने का दावा किया है। सवाल यह था कि आखिर यह द्वीप आसपास के समुद्री तल से इतना ऊंचा कैसे बना हुआ है, जबकि यहां के ज्वालामुखी लाखों साल पहले शांत हो चुके हैं।
अमेरिकी वैज्ञानिकों की नई रिसर्च के मुताबिक, इसका जवाब Bermuda द्वीप के नीचे छिपे एक बेहद अनोखे भूगर्भीय ढांचे में मौजूद है।
धरती के नीचे मिला ‘तैरता हुआ’ पत्थर का ढांचा
इस रिसर्च का नेतृत्व Carnegie Science के सिस्मोलॉजिस्ट विलियम फ्रेजर और Yale University के जेफ्री पार्क ने किया।
और भी पढ़ें : सीएनएन के संस्थापक टेड टर्नर का निधन, 87 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
वैज्ञानिकों ने दुनिया भर में आने वाले बड़े भूकंपों से पैदा होने वाली भूकंपीय तरंगों का अध्ययन किया। इन तरंगों की गति से यह पता लगाया गया कि धरती के अंदर किस तरह की चट्टानें मौजूद हैं।
जांच में पता चला कि Bermuda के नीचे समुद्री सतह के अंदर करीब 12 मील मोटी एक हल्की चट्टानी परत मौजूद है। यह परत आसपास की चट्टानों की तुलना में कम घनी है, इसलिए यह किसी “तैरती हुई नाव” की तरह समुद्री तल को ऊपर बनाए रखती है।
वैज्ञानिकों को क्यों हुआ हैरानी?
आमतौर पर Hawaii जैसे ज्वालामुखीय द्वीप Mantle Plume नाम की गर्म चट्टानों की धारा से बनते हैं। समय के साथ जब ज्वालामुखी शांत हो जाते हैं तो समुद्री सतह नीचे बैठने लगती है।
लेकिन Bermuda के साथ ऐसा नहीं हुआ। लाखों साल बाद भी यह द्वीप समुद्र तल से लगभग 1600 फीट ऊपर बना हुआ है।
यही वजह थी कि वैज्ञानिक लंबे समय से इसे लेकर उलझन में थे। अब नई रिसर्च ने संकेत दिया है कि यहां “Underplating” नाम की एक खास भूगर्भीय प्रक्रिया हुई थी।

Bermuda Triangle Mystery: वैज्ञानिकों को द्वीप के नीचे मिला अनोखा ढांचा, सुलझ सकता है बड़ा रहस्य
Pangea से जुड़ा हो सकता है रहस्य
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह हल्की चट्टानी परत करोड़ों साल पहले बनी, जब कार्बन से भरपूर गर्म पिघली चट्टानें धरती की सतह के नीचे जाकर जम गई थीं।
रिसर्च में यह भी कहा गया है कि यह पदार्थ संभवतः उस समय बना होगा जब Pangea नाम का सुपरकॉन्टिनेंट अस्तित्व में था।
यानि Bermuda का रहस्य सिर्फ एक द्वीप की कहानी नहीं बल्कि धरती के करोड़ों साल पुराने इतिहास से जुड़ा हो सकता है।
अब दुनिया के दूसरे द्वीपों पर भी होगी जांच
वैज्ञानिक विलियम फ्रेजर का कहना है कि Bermuda बेहद खास जगह है क्योंकि इसके भूगर्भीय गुण पारंपरिक सिद्धांतों से मेल नहीं खाते।
अब वैज्ञानिक दुनिया के दूसरे द्वीपों के नीचे भी ऐसे ढांचे खोजने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि Bermuda वास्तव में अनोखा है या फिर यह किसी बड़े भूगर्भीय रहस्य की पहली खोज है।
Bermuda Triangle का रहस्य और गहराया
हालांकि यह रिसर्च सीधे तौर पर जहाजों या विमानों के गायब होने वाले रहस्यों से जुड़ी नहीं है, लेकिन इससे Bermuda Triangle को लेकर लोगों की दिलचस्पी एक बार फिर बढ़ गई है।
सोशल मीडिया पर लोग इस खोज को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ इसे विज्ञान की बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि Bermuda अब भी पूरी तरह रहस्य बना हुआ है।
