Celebrity
“अब कैसे जी पाऊंगी…” — Hema Malini’ का Dharmendra के लिए भावुक संदेश
दिल्ली में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान टूट गईं हेमा मालिनी, दशकों के साथ को याद कर कहा— “उनके बिना सब अधूरा है”
जब जीवनसाथी का साथ छूट जाता है, तो शब्द भी अक्सर साथ छोड़ देते हैं। कुछ ऐसा ही भावुक पल देखने को मिला, जब हेमा मालिनी ने अपने दिवंगत पति और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
नई दिल्ली में आयोजित एक खास कार्यक्रम ‘Lens & Legacy: Bollywood in Focus’ के दौरान हेमा मालिनी मंच पर अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाईं। उन्होंने भर्राई आवाज़ में कहा, “वो बहुत महान इंसान थे। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे उनका साथ मिला, लेकिन अब उनकी कमी बहुत खलती है। मुझे समझ नहीं आता कि अब मैं अपनी बाकी जिंदगी कैसे जी पाऊंगी।”
उनके इस बयान ने वहां मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया। हेमा ने धर्मेंद्र के सिनेमा के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके लिए फिल्में सिर्फ काम नहीं, बल्कि लोगों के दिलों तक पहुंचने का एक जरिया थीं।
धर्मेंद्र का नाम हिंदी सिनेमा के उन सितारों में शामिल है, जिन्होंने लगभग 65 साल के लंबे करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। शोले, फूल और पत्थर, मेरा गांव मेरा देश और सत्यकाम जैसी फिल्मों ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया।
70 और 80 के दशक में अपने दमदार एक्शन और आकर्षक व्यक्तित्व के कारण उन्हें “ही-मैन” का खिताब भी मिला। खास बात यह रही कि इतनी बड़ी सफलता के बावजूद उन्हें अपने करियर में कभी कोई प्रतिस्पर्धी अभिनय पुरस्कार नहीं मिला।

हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। दोनों की पहली मुलाकात 1968 में हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता गहराता गया। 1980 में शादी के बाद यह जोड़ी न सिर्फ असल जिंदगी में, बल्कि पर्दे पर भी लोगों की पसंदीदा बनी रही।
सीता और गीता, शोले और ड्रीम गर्ल जैसी फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री आज भी याद की जाती है।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हेमा मालिनी के शब्दों ने यह साफ कर दिया कि धर्मेंद्र सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं थे, बल्कि एक ऐसे इंसान थे, जिन्होंने अपने रिश्तों और काम से हर किसी के दिल में खास जगह बनाई।
