Business
Maruti Suzuki का बड़ा मौका: कार डिजाइन कर जीतिए ₹4.5 लाख, साथ में इंटर्नशिप भी
DesignXathon 2026 के जरिए Maruti Suzuki युवाओं को दे रही है भविष्य की कारें डिजाइन करने का मंच, टॉप टीमों को मिलेगा एक्सपर्ट मेंटरशिप और शानदार इनाम।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनियों में शामिल मारुति सुजुकी ने युवाओं के लिए एक खास प्रतियोगिता लॉन्च की है। कंपनी ने सोमवार को अपने स्टूडेंट डिजाइन कॉम्पिटिशन ‘DesignXathon 2026’ के दूसरे एडिशन की घोषणा की। इस पहल का मकसद भारत के युवा डिजाइनर्स को ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में नई सोच और इनोवेशन के लिए मंच देना है।
मारुति सुजुकी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भारत और भारत में मौजूद ग्लोबल डिजाइन इंस्टीट्यूट्स के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। छात्रों को 2035-2040 के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसी गाड़ियों के कॉन्सेप्ट तैयार करने होंगे जो नई पीढ़ी यानी Gen Z और Alpha ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करें।
कंपनी के अनुसार, डिजाइन का मूल्यांकन सिर्फ लुक्स के आधार पर नहीं होगा, बल्कि इसमें टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबिलिटी, यूजर लाइफस्टाइल और इनोवेशन जैसे पहलुओं को भी देखा जाएगा। यानी अब कार डिजाइनिंग सिर्फ “सुंदर दिखने” तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि भविष्य की जरूरतों को समझना भी जरूरी हो गया है।
इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात इसका इनाम है। विजेता प्रतिभागियों को कुल ₹4.5 लाख तक का कैश प्राइज मिलेगा। इसके अलावा चयनित छात्रों को मारुति सुजुकी के साथ 6 महीने की इंटर्नशिप करने का मौका भी दिया जाएगा। वहीं टॉप 25 टीमों को ऑटोमोबाइल डिजाइन इंडस्ट्री के अनुभवी प्रोफेशनल्स से मेंटरशिप मिलेगी।
और भी पढ़ें : गेमिंग कंपनी GamesKraft पर ED का बड़ा एक्शन, तीनों फाउंडर गिरफ्तार; दिल्ली-NCR और कर्नाटक में छापेमारी
मारुति सुजुकी के MD और CEO हिसाशी ताकेउची ने कहा कि ऑटोमोबाइल डिजाइन केवल गाड़ी की खूबसूरती नहीं, बल्कि इनोवेशन और नई सोच का मेल है। उन्होंने बताया कि पिछले साल हुए पहले एडिशन में देशभर के 70 से ज्यादा डिजाइन संस्थानों के 400 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था।

आज के समय में EV, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबल मोबिलिटी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में कंपनियां अब युवाओं के नए आइडियाज को ज्यादा महत्व दे रही हैं। यही वजह है कि DesignXathon जैसी प्रतियोगिताएं छात्रों के लिए करियर का बड़ा मौका बनती जा रही हैं।
अगर आप भी डिजाइनिंग, ऑटोमोबाइल या फ्यूचर टेक्नोलॉजी में रुचि रखते हैं, तो यह प्रतियोगिता आपके सपनों को नई उड़ान दे सकती है।
