Technology
Samsung ला मिला नया हथियार! One UI 9 में आएगा ऐसा फीचर जो खुद बंद कर देगा सोशल मीडिया और गेम्स
Samsung One UI 9 में एक नया “Focus Mode” टेस्ट कर रहा है, जो पढ़ाई और काम के समय सोशल मीडिया, गेम्स और वीडियो ऐप्स का इंटरनेट बंद कर सकता है।
स्मार्टफोन आज हमारी जिंदगी का सबसे बड़ा हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन यही डिवाइस कई बार काम और पढ़ाई में सबसे बड़ी रुकावट भी बन जाते हैं। लगातार सोशल मीडिया नोटिफिकेशन, गेम्स और वीडियो ऐप्स लोगों का फोकस तोड़ देते हैं। अब लगता है कि Samsung इसी समस्या का बड़ा समाधान लेकर आने वाला है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Samsung अपने आने वाले One UI 9 अपडेट में एक ऐसा फीचर तैयार कर रहा है जो ध्यान भटकाने वाले ऐप्स का इंटरनेट एक्सेस ही बंद कर देगा। खास बात यह है कि यह सिर्फ ऐप बंद करने तक सीमित नहीं होगा, बल्कि नेटवर्क लेवल पर कंट्रोल देगा।
काम और पढ़ाई के लिए खास फीचर
बताया जा रहा है कि यह नया फीचर “Network management for concentration” नाम से डेवलप किया जा रहा है। इसका मकसद यूजर्स को काम, पढ़ाई या किसी जरूरी टास्क के दौरान डिस्ट्रैक्शन से बचाना है।
अगर कोई यूजर पढ़ाई कर रहा है, तो वह एक क्लिक में सोशल मीडिया, गेम्स और स्ट्रीमिंग ऐप्स का इंटरनेट बंद कर सकेगा। यानी Instagram खुलेगा तो सही, लेकिन इंटरनेट न मिलने की वजह से Reels नहीं चलेंगी। यही सिस्टम YouTube, गेमिंग ऐप्स और कुछ ब्राउज़र कैटेगरी पर भी लागू हो सकता है।
अलग-अलग कैटेगरी पर लगेगा कंट्रोल
लीक हुई जानकारी के अनुसार Samsung इस फीचर में कई प्रीसेट कैटेगरी देने की तैयारी कर रहा है। इनमें शामिल हो सकते हैं:
- Social Apps
- Games
- Streaming Platforms
- Browsers
- Other Distracting Apps
इसका फायदा यह होगा कि यूजर्स को हर ऐप अलग-अलग चुनने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उदाहरण के तौर पर, ऑफिस टाइम शुरू होते ही पूरा “Social” सेक्शन ब्लॉक किया जा सकेगा।

टाइम सेट करके ऑटोमैटिक ब्लॉकिंग
Samsung इस फीचर में “Downtime Mode” भी जोड़ सकता है। इसके जरिए यूजर समय तय कर पाएंगे कि कब कौन-सी ऐप कैटेगरी बंद रहेगी।
मान लीजिए कोई छात्र रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सोशल मीडिया बंद रखना चाहता है, तो फोन अपने-आप उस समय इंटरनेट ब्लॉक कर देगा। इसी तरह ऑफिस वर्किंग आवर्स या एग्जाम तैयारी के दौरान भी यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
PIN प्रोटेक्शन भी मिलेगा
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Samsung इस फीचर को PIN सिक्योरिटी के साथ ला सकता है। यानी अगर आपने कोई ऐप ब्लॉक कर दी, तो उसे दोबारा चालू करने के लिए 6 अंकों का PIN डालना पड़ सकता है।
यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है जो बार-बार खुद ही अपनी सेटिंग बदल देते हैं और फिर डिस्ट्रैक्शन में फंस जाते हैं।
अभी टेस्टिंग फेज में है फीचर
फिलहाल यह फीचर Samsung के एक्सपेरिमेंटल “Connectivity Labs” सेक्शन में देखा गया है। कंपनी ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है कि इसे One UI 9 के फाइनल वर्जन में शामिल किया जाएगा या नहीं।
हालांकि, अगर यह फीचर लॉन्च होता है तो Samsung उन कंपनियों में शामिल हो जाएगा जो स्मार्टफोन को सिर्फ एंटरटेनमेंट डिवाइस नहीं बल्कि प्रोडक्टिविटी टूल बनाने की दिशा में काम कर रही हैं।
