Sports
Asia Cup में अभिषेक शर्मा का जलवा पाकिस्तान पर बरपा तूफान
अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाज़ी और शुभमन गिल के साथ शतकीय साझेदारी ने भारत को दिलाई शानदार जीत, हरिस रऊफ संग हुई बहस पर भी बोले
एशिया कप सुपर 4 मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाईवोल्टेज मैच में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने अपनी धमाकेदार पारी से सबका दिल जीत लिया। 39 गेंदों पर 74 रन बनाकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैचों में उनका बल्ला ही टीम की सबसे बड़ी ताक़त है।
और भी पढ़ें : CSK के पूर्व बल्लेबाज मिथुन मनहास बनेंगे नए BCCI अध्यक्ष रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
शुरुआती ओवरों से ही पाकिस्तान के गेंदबाज़ों ने आक्रामक रवैया अपनाया, लेकिन अभिषेक ने जवाब भी उसी अंदाज़ में दिया। मैच के बाद उन्होंने खुलकर कहा – “आज बहुत सिंपल था, वो बिना वजह आक्रामक हो रहे थे और मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। इसका जवाब देने का सबसे सही तरीका था कि बैट से उन्हें सबक सिखाया जाए।”
शुभमन गिल संग सुनहरा तालमेल
अभिषेक ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 105 रनों की शुरुआती साझेदारी की। दोनों बचपन से ही साथ खेलते आए हैं और यह तालमेल मैदान पर साफ दिखा। अभिषेक बोले – “हम स्कूल क्रिकेट से साथ खेल रहे हैं। आज लगा कि यही दिन है जब हम दोनों टीम को बड़ी शुरुआत देंगे।”

गिल की संयमित बल्लेबाज़ी और अभिषेक की तूफानी पारी ने भारत को 172 रन के लक्ष्य का पीछा बेहद आसान बना दिया।
बुमराह का ऑफ डे, लेकिन टीम का कॉन्फिडेंस बरकरार
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में 4 ओवर में 40 से ज़्यादा रन लुटाए। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसका बचाव करते हुए कहा – “वो रोबोट नहीं हैं, कभी-कभी बुरा दिन भी आता है। आज डूबे ने हमें शानदार तरीके से संभाला।”
सूर्या ने गिल और अभिषेक की तारीफ करते हुए कहा कि यह दोनों ‘फायर और आइस’ का कॉम्बिनेशन हैं और उनकी बैटिंग ने ही मैच की दिशा बदल दी।
पाकिस्तान के कप्तान की प्रतिक्रिया
पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने भी माना कि पावरप्ले में भारत ने मैच को उनसे दूर कर दिया। उन्होंने कहा – “हमने पहले 10 ओवरों तक अच्छा खेला, लेकिन भारत ने पावरप्ले में जिस तरह बैटिंग की, वही फर्क बना।”
भारतीय टीम का आत्मविश्वास ऊँचा
टीम इंडिया के लिए यह जीत सिर्फ अंक तालिका के लिहाज़ से ही नहीं, बल्कि मनोबल के लिहाज़ से भी अहम है। खिलाड़ियों ने पहले 10 ओवर में पाकिस्तान की रनगति को भले ही रोकने में देर की, लेकिन बीच और डेथ ओवर्स में कसी हुई गेंदबाज़ी और फिर गिल-अभिषेक की ओपनिंग जोड़ी ने सब कुछ आसान कर दिया।
भारत अब एशिया कप में फाइनल की दौड़ में मज़बूत दावेदार बन गया है।

Pingback: जब मैदान बना विवाद का अखाड़ा क्रिकेटर्स की सबसे चर्चित सेलिब्रेशंस - Dainik Diary - Authentic Hindi News
Pingback: शुभमन गिल का 4 शब्दों में पाकिस्तान को करारा जवाब - Dainik Diary - Authentic Hindi News