Entertainment
Rajinikanth की अगली फिल्म को लेकर बढ़ी हलचल, Kamal Haasan की कंपनी के वीडियो ने तेज की अटकलें
‘थलाइवर 173’ के निर्देशक को लेकर जारी सस्पेंस के बीच अश्वथ मारिमुथु का नाम सबसे आगे, बर्थडे वीडियो ने फैंस की उत्सुकता बढ़ाई।
साउथ सिनेमा के दो दिग्गज सितारे रजनीकांत और कमल हासन एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार वजह कोई ऑन-स्क्रीन मुकाबला नहीं, बल्कि रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘थलाइवर 173’ है। फिल्म के निर्देशक को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब निर्देशक अश्वथ मारिमुथु का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहा है।
हाल ही में कमल हासन के प्रोडक्शन बैनर राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल (RKFI) ने अश्वथ मारिमुथु के जन्मदिन पर एक खास वीडियो साझा किया। वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। फैंस का मानना है कि यह सिर्फ जन्मदिन की शुभकामना नहीं, बल्कि किसी बड़े ऐलान का संकेत भी हो सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि ‘थलाइवर 173’ का सफर अब तक कई बदलावों से गुजरा है। शुरुआत में फिल्म का निर्देशन सुंदर सी करने वाले थे, लेकिन उन्होंने बाद में इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली। इसके बाद ‘डॉन’ फेम सिबी चक्रवर्ती का नाम सामने आया और फिल्म का एक फर्स्ट लुक भी जारी किया गया था। हालांकि उसके बाद लंबे समय तक कोई अपडेट नहीं आया, जिससे उनके प्रोजेक्ट से अलग होने की चर्चाएं शुरू हो गईं।
इसी दौरान ‘ओह माय कडवुले’ और ‘ड्रैगन’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले अश्वथ मारिमुथु का नाम चर्चा में आने लगा। फिल्म इंडस्ट्री के गलियारों में यह भी कहा जा रहा है कि उन्होंने कुछ समय पहले रजनीकांत को एक कहानी सुनाई थी, जो अभिनेता को बेहद पसंद आई थी।
और भी पढ़ें : प्यार या दोस्ती’ Cocktail 2 के ट्रेलर ने बढ़ाया सस्पेंस, Shahid Kapoor-Kriti, Rashmika के रिश्तों में आया नया ट्विस्ट
एक पुराने इंटरव्यू में अश्वथ ने बताया था कि उन्होंने रजनीकांत के लिए खास तौर पर एक स्क्रिप्ट तैयार की थी। कहानी सुनाने के दौरान रजनीकांत इतने उत्साहित हो गए थे कि इंटरवल के समय उन्होंने अपना लंच तक टाल दिया और पूरी कहानी सुनने की इच्छा जताई। निर्देशक के अनुसार, रजनीकांत ने कहानी की जमकर तारीफ की थी और खासकर फिल्म के खलनायक के किरदार को बेहद प्रभावशाली बताया था।

हालांकि उस समय यह प्रोजेक्ट किसी कारणवश आगे नहीं बढ़ पाया था, लेकिन अश्वथ ने विश्वास जताया था कि यह फिल्म भविष्य में जरूर बनेगी। अब RKFI के हालिया कदम ने उन पुरानी बातों को फिर से चर्चा में ला दिया है।
फिलहाल निर्माता और प्रोडक्शन हाउस की ओर से किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वास्तव में अश्वथ मारिमुथु ‘थलाइवर 173’ का निर्देशन करेंगे या फिर मेकर्स किसी और नाम के साथ सबको चौंका देंगे।
रजनीकांत के प्रशंसकों के लिए इतना तय है कि फिल्म को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है और हर नई जानकारी पर फैंस की नजर बनी हुई है।
