Politics
शशि थरूर ने बीजेपी में जाने की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी कहा- देश के लिए लिखा पार्टी बदलने का इरादा नहीं
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी की विदेश नीति की तारीफ पर उठे सवाल, थरूर ने कहा- राष्ट्रीय एकता का संदेश था, ना कि बीजेपी में जाने का संकेत।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर अपनी स्पष्ट प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और ऊर्जा की तारीफ करना महज राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, इसे पार्टी बदलने का इशारा मानना गलत होगा।
दरअसल, थरूर ने हाल ही में एक अंग्रेजी अखबार में एक लेख लिखा था जिसमें उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पीएम मोदी की सक्रियता, ऊर्जा और वैश्विक मंच पर भारत की मजबूती की तारीफ की थी। यही नहीं, इस लेख को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने अपने आधिकारिक X हैंडल से शेयर भी किया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में थरूर के बीजेपी में जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
इन अटकलों पर विराम लगाते हुए केरल के तिरुवनंतपुरम से चार बार सांसद रहे थरूर ने साफ कहा, “यह लेख किसी भी सूरत में बीजेपी में जाने की मंशा का संकेत नहीं है। यह देश की एकता और राष्ट्रीय हित के लिए लिखा गया था। मुझे गर्व है कि मैंने इस मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व किया।”
गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार ने विपक्ष के चुनिंदा नेताओं को विश्वस्तरीय कूटनीतिक मिशन पर भेजा था। शशि थरूर अमेरिका और अन्य चार देशों में भारत का संदेश लेकर गए थे, जिसके बाद उन्होंने इस मिशन की सफलता पर लेख लिखा था।
थरूर ने यह भी कहा कि विदेश नीति पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। “भारत की विदेश नीति न तो बीजेपी की होती है और न ही कांग्रेस की। विदेश नीति केवल भारत की होती है और इसका मकसद राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना है।”
हालांकि, कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता थरूर को लेकर असहज नजर आ रहे हैं। पार्टी के अंदरुनी सूत्रों के अनुसार, थरूर पहले भी ‘G-23’ गुट के सदस्य रह चुके हैं, जिन्होंने गांधी परिवार के नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। हालांकि थरूर बार-बार यह साफ कर चुके हैं कि उन्होंने हमेशा कांग्रेस की विचारधारा के प्रति निष्ठा रखी है।
NDTV से बातचीत में भी थरूर ने कहा था कि कांग्रेस के साथ उनके मतभेद कुछ मुद्दों पर हैं, पर पार्टी की विचारधारा से नहीं।
अब देखना होगा कि थरूर का यह रुख आने वाले समय में कांग्रेस में उनके भविष्य को किस दिशा में लेकर जाएगा। फिलहाल तो उन्होंने बीजेपी में जाने की बात को नकार कर राजनीतिक गलियारों की चर्चाओं पर ब्रेक लगा दिया है।
