International News
Lebanon पर Israel का सबसे बड़ा हमला: हिज़्बुल्लाह ठिकानों पर 10 मिनट में 100 से ज्यादा एयरस्ट्राइक
बेरूत समेत कई इलाकों में तबाही, सैकड़ों हताहतों की खबर; युद्ध और भड़कने की आशंका
मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। इज़राइल ने बुधवार को लेबनान में अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला करते हुए हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया।
इज़राइली सेना के मुताबिक, यह हमला महज 10 मिनट के भीतर किया गया, जिसमें 100 से अधिक कमांड सेंटर और सैन्य ठिकानों को टारगेट किया गया। हमले बेरूत के दक्षिणी इलाकों, दक्षिण लेबनान और पूर्वी बेका घाटी में केंद्रित रहे।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, इन हमलों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं। कई रिहायशी इलाकों में जोरदार धमाके हुए, जिससे आसमान में धुएं के गुबार छा गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार हमले से पहले इज़राइल की ओर से कोई चेतावनी भी नहीं दी गई, जिससे नुकसान और ज्यादा बढ़ गया।
और भी पढ़ें : ईरान ने Donald Trump को ‘एस्केलेशन ट्रैप’ में अलौकिक हड़ताल से फँसाया: अमेरिका अब संकट के ‘नर्क’ में
यह कार्रवाई उस समय हुई जब बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने साफ किया कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम समझौते में लेबनान या हिज़्बुल्लाह शामिल नहीं हैं। इसके बाद ही इज़राइल ने अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया।

इज़राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज ने इसे “सरप्राइज अटैक” बताया और कहा कि यह हिज़्बुल्लाह के सैकड़ों सदस्यों को निशाना बनाकर किया गया है।
इस बीच, ईरान से भी बड़ी प्रतिक्रिया की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को लेकर बड़ा फैसला ले सकता है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम है।
इस घटनाक्रम ने पूरे क्षेत्र में युद्ध के और फैलने की आशंका बढ़ा दी है। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि अगर हालात जल्द नहीं संभले, तो यह संघर्ष एक बड़े क्षेत्रीय युद्ध में बदल सकता है।
