Automobile
टेस्ला का बड़ा ऐलान, क्या आने वाली है सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार?
एलन मस्क ने 7 अक्टूबर के इवेंट से पहले जारी किया टीज़र, सस्ते EV मॉडल को लेकर बढ़ा उत्साह
दुनिया की अग्रणी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला एक बार फिर सुर्खियों में है। रविवार को कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक छोटा सा वीडियो जारी किया, जिसने निवेशकों और ग्राहकों की उत्सुकता और बढ़ा दी। महज नौ सेकंड के इस टीज़र में अंधेरे में चमकती हुई हेडलाइट्स दिखाई देती हैं और अंत में “10/7” लिखा नजर आता है। इससे साफ हो गया कि कंपनी 7 अक्टूबर को एक बड़ा इवेंट करने जा रही है।
और भी पढ़ें : सैयारा स्टार अनीत पड्डा ने किया खुलासा हर प्रोडक्शन हाउस के पास है मेरा खराब बायोडाटा और स्नैपचैट फोटो
किफायती EV मॉडल पर फोकस
कंपनी और उसके सीईओ एलन मस्क लंबे समय से किफायती इलेक्ट्रिक कार की दिशा में काम कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेस्ला Model Y के सस्ते वर्जन पर काम कर रही है, जिसकी कीमत मौजूदा मॉडल की तुलना में लगभग 20% कम होगी। यह नया वर्जन अमेरिकी बाजार में 2026 तक करीब 2.5 लाख यूनिट्स की बिक्री तक पहुंच सकता है।
इस कदम को कंपनी के लिए जरूरी माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में अमेरिका में $7,500 का EV टैक्स क्रेडिट खत्म हो गया है, जिससे इलेक्ट्रिक कारों की मांग पर असर पड़ सकता है।

बिक्री बढ़ाने की रणनीति
टेस्ला ने सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड डिलीवरी दर्ज की थी। यह उछाल मुख्य रूप से टैक्स क्रेडिट खत्म होने से पहले ग्राहकों द्वारा की गई भारी खरीदारी की वजह से आया। अब कंपनी को अपनी सेल्स ग्रोथ बनाए रखने के लिए नई रणनीति की जरूरत है।
इसी कड़ी में सस्ता मॉडल लॉन्च करना टेस्ला के लिए “गेम चेंजर” साबित हो सकता है।
पहले भी हुआ था डिले
टेस्ला ने अमेरिका में Model Y के लो-कॉस्ट वर्जन को पहले भी टाल दिया था। जून में कंपनी ने कहा था कि उसने “पहले बिल्ड्स” तैयार कर लिए हैं, लेकिन इसकी बिक्री चौथी तिमाही से शुरू होगी और इसका प्रोडक्शन धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा।
ग्लोबल EV मार्केट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा
आज की तारीख में इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में BYD, Rivian और Hyundai जैसी कंपनियां भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में टेस्ला को अपने मार्केट शेयर को मजबूत रखने के लिए किफायती और मास-मार्केट मॉडल पेश करना होगा।
इसी वजह से 7 अक्टूबर का इवेंट न सिर्फ कंपनी बल्कि पूरे EV इंडस्ट्री के लिए अहम माना जा रहा है।
