Sports
एक गेंद मायने रखती है रिंकू सिंह ने पाकिस्तान की धज्जियां उड़ाकर बयान से जीता दिल
फाइनल में पहली गेंद पर विजयी चौका जड़कर रिंकू सिंह बने टीम इंडिया के नए हीरो
दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत में भले ही तिलक वर्मा की नाबाद पारी और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी अहम रही, लेकिन आखिरी गेंदों पर भारत को जीत दिलाने वाले रिंकू सिंह सबके दिलों के हीरो बन गए।
एक गेंद… और बन गए फाइनल के हीरो
पूरे टूर्नामेंट में रिंकू सिंह को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। लेकिन फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर में जब 2 रन चाहिए थे, तभी उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला। हारिस रऊफ की चौथी गेंद रिंकू के बल्ले से निकली और मिड-ऑन की ओर चौका बन गई। यही चौका भारत को रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप चैंपियन बना गया।

रिंकू ने मैच के बाद कहा –
“और कुछ मायने नहीं रखता। एक गेंद मायने रखती है। वही चाहिए थी जिस पर मैंने चौका लगाया। सभी को पता है कि मैं फिनिशर हूं। टीम जीत गई और मैं बहुत खुश हूं।”
शुभमन गिल का बयान
उपकप्तान शुभमन गिल ने भी इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा –
“अद्भुत है। हम पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रहे। शुरुआत में तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद स्थिति आसान नहीं थी। लेकिन संजू और तिलक की साझेदारी तथा दुबे के वो छक्के बेहद अहम साबित हुए।”
गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल की तारीफ
गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बल्लेबाजों के प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने कहा –
“पावरप्ले में शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन बाद में बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की। दुबे को मौका मिला और उसने पूरी जिम्मेदारी निभाई।”

कुलदीप यादव की भूमिका
चार विकेट लेने वाले स्पिनर कुलदीप यादव ने कहा –
“बीच के ओवरों में गेंदबाजी काफी अहम थी। पाकिस्तान ने शुरुआत अच्छी की लेकिन हमें पता था कि जैसे ही कुछ विकेट निकलेंगे, हम दबाव बना लेंगे।”
और भी पढ़ें : Asia Cup 2025 Final भारत ने पाकिस्तान को हराकर रचा इतिहास तिलक वर्मा और कुलदीप यादव बने हीरो
संजू सैमसन का बयान
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा –
“मुझे दबाव में खेलना पसंद है। पाकिस्तान के खिलाफ ज्यादा मैच नहीं खेले लेकिन दबाव का सामना करने के लिए अपने अनुभव का इस्तेमाल किया। तिलक के साथ बल्लेबाजी करने में मजा आया।”
टीम इंडिया का जज़्बा
इस जीत ने साबित कर दिया कि भारतीय टीम में हर खिलाड़ी किसी भी पल गेम बदल सकता है। रिंकू सिंह का यह चौका भारतीय क्रिकेट फैंस की यादों में हमेशा के लिए दर्ज हो गया।
