cricket
New Zealand सीरीज के बाद Ravindra Jadeja के सामने कड़ा इम्तिहान Axar Patel बने सबसे बड़ी चुनौती
खराब प्रदर्शन पर Ravichandran Ashwin का सख्त संदेश बोले अब रास्ता आसान नहीं
India की New Zealand के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज हार के बाद सबसे ज्यादा सवाल जिस खिलाड़ी को लेकर उठ रहे हैं, वह हैं Ravindra Jadeja। लंबे समय से टीम के भरोसेमंद ऑलराउंडर रहे Jadeja के लिए यह सीरीज किसी झटके से कम नहीं रही। तीन मैचों में न तो गेंद से असर दिखा और न ही बल्ले से वह टीम को कोई ठोस योगदान दे पाए।
इस सीरीज में Jadeja एक भी विकेट नहीं ले सके। मिडिल ओवर्स में उनसे जहां रन रोकने और ब्रेकथ्रू दिलाने की उम्मीद रहती है, वहीं New Zealand के बल्लेबाज़ों ने उन्हें खुलकर खेला। बल्लेबाज़ी में भी हालात बेहतर नहीं रहे। तीन मैचों में सिर्फ 43 रन, जिसमें सर्वश्रेष्ठ स्कोर 27 रहा, चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बन गया है।
गेंदबाज़ी के दौरान Jadeja एक छोर से दबाव बनाने में नाकाम रहे, वहीं बल्लेबाज़ी में वह स्पिन के खिलाफ रन गति बढ़ाने और स्ट्राइक रोटेट करने में जूझते नजर आए। यही वजह है कि अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या Jadeja का ODI करियर अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है।
Ashwin ने दिया Jadeja को रियलिटी चेक
इस पूरे मसले पर पूर्व भारतीय स्पिनर Ravichandran Ashwin ने खुलकर अपनी राय रखी है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए Ashwin ने कहा कि यह Jadeja के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण समय है, क्योंकि Axar Patel पूरी तरह तैयार बैठे हैं।
Ashwin के मुताबिक समस्या सिर्फ गेंदबाज़ी की नहीं, बल्कि Jadeja की बल्लेबाज़ी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, खासकर स्पिन के खिलाफ उनकी स्ट्राइक रेट को लेकर। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी खिलाड़ी के भविष्य पर फैसला सुनाने के लिए अभी बहुत जल्दी है।
Ashwin ने याद दिलाया कि आगे T20 World Cup और फिर IPL आने वाला है, जहां Jadeja Rajasthan Royals के लिए खेलते नजर आएंगे। वहीं के प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ता आगे की दिशा तय करेंगे।
काबिलियत के बावजूद प्रयोग से दूरी
Ashwin, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में Jadeja के साथ लंबे समय तक घातक जोड़ी बनाई, ने उनकी काबिलियत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि Jadeja के पास बल्लेबाज़ी, गेंदबाज़ी और फील्डिंग—तीनों में असाधारण स्किल है, लेकिन वह अपने खेल में नए प्रयोग करने से बचते हैं।
Ashwin ने यह भी बताया कि उन्होंने Jadeja को नेट्स में कैरम बॉल जैसी गेंदें डालते देखा है, लेकिन मैच में वह कभी ऐसे प्रयोग नहीं करते। उनके मुताबिक अब जब Jadeja एक दिग्गज खिलाड़ी बन चुके हैं और खोने के लिए कुछ नहीं है, तो उन्हें थोड़ा ‘फंकी’ होने से डरना नहीं चाहिए।

India को बताया ‘सॉफ्ट’
सीरीज हार पर Ashwin ने सिर्फ Jadeja ही नहीं, बल्कि पूरी टीम की मानसिकता पर सवाल खड़े किए। दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके Ashwin ने कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि India यह सीरीज हार गई।
उनके अनुसार, पहले मैच में किसी तरह जीत हासिल करने के बाद अगले दो मुकाबलों में टीम पूरी तरह बिखर गई। Ashwin ने साफ कहा कि इस समय India दबाव में समाधान ढूंढने में असफल हो रही है और विरोधी टीमें बेहतर तैयारी के साथ आ रही हैं—खासतौर पर स्पिन गेंदबाज़ी और स्पिन खेलने के मामले में।
अब फैसला मुश्किल
इस पूरी सीरीज में अगर कोई एक सकारात्मक पहलू रहा, तो वह Virat Kohli का प्रदर्शन था, जिन्होंने 240 रन बनाकर अकेले दम पर टीम को संभाले रखा। लेकिन Jadeja के मामले में तस्वीर धुंधली होती जा रही है।
Axar Patel की मौजूदगी, Ashwin की टिप्पणी और खुद Jadeja का हालिया फॉर्म—इन सबको देखते हुए यह साफ है कि अनुभवी ऑलराउंडर एक निर्णायक मोड़ पर खड़े हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह IPL और आगे मिलने वाले मौकों में खुद को कैसे दोबारा साबित करते हैं, या फिर ODI क्रिकेट में India एक नए अध्याय की ओर बढ़ जाता है।
