अंतरराष्ट्रीय समाचार
घायल शेर को छोड़ा तो खाएगा वापस! इजरायल नेता ने ईरान युद्धविराम पर दी चेतावनी
सीजफायर के ऐलान के बाद भी इजरायल के विपक्षी नेता लिबरमैन बोले- ईरान से दोबारा जंग तय, घायल शेर को नहीं छोड़ा जाता
ईरान और इजरायल के बीच पिछले 12 दिनों से जारी जंग फिलहाल थम गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इसका ऐलान किया कि दोनों देश सीजफायर पर सहमत हो चुके हैं। लेकिन इस बीच इजरायल की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है। इजरायल के विपक्षी नेता एविग्डोर लिबरमैन ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि घायल शेर को कभी भी अधूरा नहीं छोड़ा जाता, वरना वह फिर हमला करेगा। लिबरमैन का साफ इशारा ईरान की तरफ था।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के तहत इजरायल ने ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और वैज्ञानिक भी इस हमले में मारे गए हैं। इजरायल का दावा है कि तेहरान के आसमान पर अब उनका पूरा नियंत्रण है और जरूरत पड़ी तो जवाबी हमला किया जाएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने युद्धविराम की घोषणा करते हुए कहा कि अगर कोई पक्ष इसका उल्लंघन करता है तो परिणाम गंभीर होंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “युद्धविराम अब लागू है, सभी से अनुरोध है कि इसका सम्मान करें।” इजरायल ने भी ट्रंप को इस पूरे ऑपरेशन में समर्थन देने के लिए धन्यवाद कहा।
हालांकि विपक्षी नेता लिबरमैन इस शांति समझौते से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि ईरान पर हमला अधूरा छोड़ना बड़ी भूल साबित हो सकती है। उनके मुताबिक, ईरान फिर से ताकत बटोरकर हमला करेगा और फिर जंग पहले से ज्यादा भयानक होगी।
विशेषज्ञों की मानें तो अभी सीजफायर सिर्फ कागज पर है, असली चुनौती इसे जमीन पर उतारने की है। इजरायल ने साफ कर दिया है कि अगर ईरान ने कोई मिसाइल चलाई तो उसका जवाब और भी कड़ा होगा। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि घायल शेर की यह कहानी कब फिर से खूनखराबे में बदलती है।
