Connect with us

Sports

IND vs ENG: क्या इंग्लैंड की धरती पर फिर इतिहास रचेगी टीम इंडिया? याद करें भारत की 5 सबसे करीबी टेस्ट जीतें

ओवल टेस्ट के रोमांचक मोड़ पर खड़ा मुकाबला, क्या भारत रचेगा सबसे रोमांचक जीत का नया अध्याय?

Published

on

IND vs ENG 5th Test: क्या भारत दोहराएगा इतिहास? जानिए टेस्ट क्रिकेट की 5 सबसे करीबी जीतें
ओवल टेस्ट में रोमांचक मोड़: भारत जीत से 4 विकेट दूर, इंग्लैंड को चाहिए सिर्फ 35 रन

केनिंग्टन ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहा पांचवां टेस्ट अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन चाहिए और भारत को 4 विकेट। खराब रोशनी के चलते खेल रोका गया, लेकिन मैदान पर मौजूद 11 खिलाड़ियों के साथ करोड़ों भारतीय फैंस की धड़कनें भी थम गई हैं। क्या टीम इंडिया इस ऐतिहासिक पल को अपनी सबसे करीबी जीत में बदल पाएगी?

और भी पढ़ें : “दबाव में भी दमदार!” सचिन तेंदुलकर को कायल कर गए यशस्वी और आकाश दीप

इस मौके पर एक बार फिर भारत की टेस्ट इतिहास की उन 5 सबसे करीबी और यादगार जीतों को याद करना जरूरी है, जिन्होंने क्रिकेट प्रेमियों को दिल थामने पर मजबूर कर दिया था।

1. वानखेड़े का चमत्कार – जीत का अंतर: 13 रन (2004)

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया टेस्ट भारतीय क्रिकेट की सबसे करीबी जीतों में से एक बन गया। भारत ने केवल 107 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन हरभजन सिंह (5 विकेट) और मुरली कार्तिक (3 विकेट) ने शानदार गेंदबाज़ी कर कंगारुओं को 93 पर समेट दिया। ये भारत की टेस्ट इतिहास में रन के आधार पर सबसे छोटी जीत है।

2. ईडन गार्डन्स की जंग – जीत का अंतर: 28 रन (1972)

कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान पर भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 28 रन से हराया था। इंग्लैंड को 181 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें 163 पर रोक दिया। यह इंग्लैंड के खिलाफ भारत की टेस्ट इतिहास की सबसे करीबी जीत रही है।

3. एडिलेड की दीवार – जीत का अंतर: 31 रन (2018)

ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत की इस ऐतिहासिक जीत में चेतेश्वर पुजारा ने 123 और 71 रन की दो पारियां खेलीं। ऑस्ट्रेलिया को 323 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम 291 रन पर सिमट गई। यह जीत विराट कोहली की कप्तानी में भारत की टेस्ट यात्रा का एक स्वर्णिम अध्याय बना।

4. पोर्ट ऑफ स्पेन में संघर्ष – जीत का अंतर: 37 रन (2002)

वेस्टइंडीज के खिलाफ इस टेस्ट में भारत ने वेस्टइंडीज को 275 पर रोकते हुए 37 रन से जीत हासिल की। वीवीएस लक्ष्मण इस मैच के हीरो रहे और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए।

5. किंग्स्टन की क्लासिक जीत – जीत का अंतर: 49 रन (2006)

राहुल द्रविड़ की कप्तानी में भारत ने किंग्स्टन में वेस्टइंडीज को हराया। भारत ने दूसरी पारी में 171 रन बनाए और वेस्टइंडीज को 268 का टारगेट दिया। गेंदबाज़ों ने विपक्षी टीम को 219 पर समेट कर 49 रन से जीत दिला दी।


अब सवाल यही है – क्या ओवल की पिच पर भारत एक और रोमांचक जीत दर्ज करेगा? क्या जेमी स्मिथ और जेमी ओवरटन की जोड़ी भारत की जीत में रोड़ा बनेगी या भारतीय गेंदबाज़ इतिहास रच देंगे? रविवार की सुबह सभी को इस सवाल का जवाब मिल जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *