Religion & Vastu
क्या घर में कछुआ रखना शुभ होता है या अशुभ? जानिए धातु कांच और लकड़ी के कछुए से जुड़े वास्तु के रहस्य
वास्तु शास्त्र के अनुसार कछुआ सही दिशा और सामग्री में रखा जाए तो जीवन में सुख, समृद्धि और शांति लेकर आता है

आपने कई घरों और ऑफिसों में धातु, कांच या लकड़ी से बने कछुए को सजावट के रूप में देखा होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि वास्तु शास्त्र में कछुए का विशेष स्थान है? अगर इसे सही दिशा और नियमों के अनुसार रखा जाए तो यह घर में सकारात्मक ऊर्जा, दीर्घायु, समृद्धि और मानसिक शांति लाने में सहायक माना जाता है। वहीं, यदि इसे गलत ढंग से रखा जाए तो यह हानिकारक भी हो सकता है।
आइए जानते हैं, किस प्रकार का कछुआ कहां और कैसे रखना चाहिए और कौन-सा कछुआ आपके जीवन में क्या बदलाव ला सकता है।
क्या जीवित कछुआ घर में रखना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं और वास्तु शास्त्र के अनुसार, जीवित कछुआ घर में रखना वर्जित है। यह न सिर्फ प्राणी को बंधन में रखने के बराबर है, बल्कि यह नकारात्मक ऊर्जा को भी आमंत्रित कर सकता है। वास्तु में कहा गया है कि हर जीव स्वतंत्र है, और जीवित कछुआ घर में रखना शुभ नहीं होता। इसलिए भूलकर भी जीवित कछुआ न पालें।

धातु का कछुआ: समृद्धि का प्रतीक
वास्तु के अनुसार, पीतल, कांस्य या अन्य धातु से बना कछुआ घर में उत्तर दिशा में रखना शुभ होता है। यह आर्थिक समृद्धि, सुरक्षा और दीर्घायु का प्रतीक माना जाता है। धातु का कछुआ व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए विशेष रूप से लाभदायक है।
लकड़ी का कछुआ: सफलता और सौभाग्य
लकड़ी से बना कछुआ अगर घर की पूर्व या दक्षिण-पूर्व दिशा में रखा जाए तो यह सौभाग्य, सकारात्मक ऊर्जा और पेशेवर सफलता को बढ़ाता है। छात्रों और करियर में प्रगति चाहने वालों के लिए यह अत्यंत लाभकारी माना जाता है।
स्फटिक (क्रिस्टल) का कछुआ: उन्नति और प्रसिद्धि
स्फटिक या क्वार्ट्ज से बना कछुआ वास्तु में दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखने की सलाह दी जाती है। यह कछुआ व्यक्तिगत उन्नति, मान-सम्मान, और लोकप्रियता बढ़ाने में सहायक होता है।
कांच का कछुआ: मानसिक शांति और जीवन में स्थिरता
कांच का कछुआ अगर लकड़ी के स्टैंड पर उत्तर दिशा में रखा जाए तो यह मानसिक शांति, बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। यह विशेष रूप से बुज़ुर्गों और विद्यार्थियों के लिए लाभकारी होता है।
ध्यान रखने योग्य बातें:
- कभी भी टूटा हुआ या खंडित कछुआ न रखें।
- कछुआ हमेशा साफ-सुथरे स्थान पर रखें और नियमित रूप से उसकी सफाई करें।
- कछुए को दरवाजे के ठीक सामने या बाथरूम के पास न रखें।
- जीवित कछुआ सिर्फ तालाबों या प्राकृतिक जल स्रोतों में ही रहें, घरों में नहीं।
