Weather
MP में जल्द बजेगा मानसून का नगाड़ा! बालाघाट से होगी एंट्री जानिए किस जिले में कब बरसेंगे बादल
मौसम विभाग ने दी राहत की खबर — इस बार तय समय से पहले मध्य प्रदेश पहुंचेगा मानसून, भोपाल समेत कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना

भीषण गर्मी से तप रहे मध्य प्रदेशवासियों के लिए अब राहत की घड़ी नजदीक आ चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 2025 इस बार समय से पहले दस्तक देने वाला है। आमतौर पर जहां मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास पहुंचता है, वहीं इस बार इसके 12 से 15 जून के बीच ही राज्य में एंट्री करने की संभावना जताई गई है।
बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जैसे दक्षिणी जिलों में सबसे पहले मानसून की बारिश की बौछारें गिरेंगी। पिछले साल जहां 21 जून को राज्य में पहली मानसूनी बारिश हुई थी, वहीं इस बार यह तारीख 4 से 5 दिन पहले खिसकने जा रही है। राजधानी भोपाल में 17 जून तक मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बता दें कि मौसम विभाग ने इस बार अच्छी बारिश के संकेत दिए हैं। 104 से 105 फीसदी तक बारिश होने का अनुमान है, जो कि सामान्य से 4-5 फीसदी अधिक है। राज्य की औसत बारिश 949 मिमी मानी जाती है और इस बार आंकड़े इसके पार भी जा सकते हैं। ऐसे में किसान और कृषि पर निर्भर लोग राहत की सांस ले सकते हैं।
‘झुलसते जून’ में राहत की उम्मीद
देश के अधिकांश हिस्से इस समय हीटवेव की चपेट में हैं। लेकिन मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून इस बार अपने तय समय से 5 दिन पहले केरल में 27 मई को दस्तक दे चुका है। इसके बाद यह तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, असम होते हुए अब मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है।
पिछले साल मानसून की चाल थोड़ी धीमी रही थी, जिससे कई जिलों में देरी से बारिश हुई थी। लेकिन इस बार मौसम का मिजाज थोड़ा बदला-बदला नजर आ रहा है। अनुमान है कि एक बार बालाघाट से एंट्री के बाद, एक हफ्ते के भीतर पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो जाएगा।
किन जिलों में होगी सबसे पहले बारिश?
बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर ऐसे जिले हैं जहां मानसून सबसे पहले दस्तक देगा। उसके बाद राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सतना होते हुए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की ओर बढ़ेगा।
अगर आप भी बारिश के दीवाने हैं या खेती-किसानी से जुड़े हैं, तो अब से मौसम के अपडेट्स पर नजर बनाए रखें। क्योंकि इस बार का मानसून न सिर्फ जल्दी आएगा, बल्कि तेजी से पूरे प्रदेश को भिगो देगा।