Business News
भारत के टॉप 10 अमीरों की 2025 लिस्ट में मुकेश अंबानी नंबर 1 शाहरुख खान पहली बार अरबपति क्लब में
Hurun India Rich List 2025: अंबानी ने फिर से हासिल किया पहला स्थान, अदानी की संपत्ति घटी, शाहरुख खान अरबपति क्लब में शामिल
भारत में अरबपतियों की दुनिया हर साल नए रिकॉर्ड बना रही है और M3M Hurun India Rich List 2025 ने इसे और भी स्पष्ट कर दिया है। इस साल एक बार फिर से मुकेश अंबानी और उनका परिवार भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बनकर उभरे हैं। उनकी कुल संपत्ति अब 9.55 लाख करोड़ है।
पिछले साल जहां गौतम अदानी ने 11 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ अंबानी को पीछे छोड़ दिया था, वहीं इस बार उनकी दौलत में भारी गिरावट आई है। 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक अदानी की संपत्ति 8.14 लाख करोड़ रह गई है। यानी यह अब साफ हो गया है कि भारत के सबसे अमीर होने की जंग फिलहाल अंबानी और अदानी परिवार के बीच है।
सबसे बड़ी चौंकाने वाली एंट्री रही रोशनी नडार मल्होत्रा और उनका परिवार। पहली बार उन्होंने टॉप 3 में जगह बनाई और 2.84 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बन गईं।
इस साल की रिपोर्ट में कुछ नए और युवा चेहरे भी खास आकर्षण का केंद्र रहे। अरविंद श्रीनिवास, जो 31 साल के हैं और Perplexity के संस्थापक हैं, भारत के सबसे युवा अरबपति बन गए। वहीं Zepto के को-फाउंडर कैवल्य वोहरा (22) और आदित पालीचा (23) भी इस लिस्ट में शामिल होकर युवाओं के लिए प्रेरणा बने हैं।
सबसे बड़ी संपत्ति वृद्धि दर्ज की नीराज बजाज और उनके परिवार ने। उनकी संपत्ति में 69,875 करोड़ की बढ़ोतरी हुई और अब यह 2.33 लाख करोड़ हो गई है। इसी तरह Paytm के संस्थापक विजय शेखर शर्मा भी वापसी कर चुके हैं। उनकी कुल संपत्ति 15,930 करोड़ हो गई है, जो उनकी कंपनी के शेयरों में 124% की उछाल की वजह से संभव हुआ।
शहरों की बात करें तो मुंबई एक बार फिर भारत का अरबपति हब साबित हुआ है। यहां से 451 अरबपति लिस्ट में शामिल हुए हैं। इसके बाद नई दिल्ली से 223 और बेंगलुरु से 116 अरबपति लिस्ट में जगह बनाने में सफल रहे।

इंडस्ट्री के लिहाज से फार्मा सेक्टर ने सबसे ज्यादा 137 अरबपतियों को जन्म दिया है। इसके बाद इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स (132) और केमिकल्स व पेट्रोकेमिकल्स (125) का नंबर आता है।
इस साल महिलाओं ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। कुल 101 महिलाएं इस लिस्ट में शामिल हैं, जिनमें से 26 के पास एक अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति है। खास बात यह है कि कुल लिस्ट में 66% लोग सेल्फ-मेड अरबपति हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।
शाहरुख खान का अरबपति क्लब में धमाकेदार एंट्री
इस साल का सबसे बड़ा सरप्राइज आया बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की तरफ से। 2025 उनके लिए बेहद खास रहा है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने के बाद उन्होंने अब एक और मुकाम छू लिया है। Hurun Rich List 2025 के मुताबिक शाहरुख खान 12,490 करोड़ की संपत्ति के साथ पहली बार अरबपति बने हैं।
यह उपलब्धि उन्हें न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के टॉप सेलेब्रिटी अरबपतियों की लिस्ट में खड़ा करती है। उनकी कुल संपत्ति लगभग $1.4 बिलियन आंकी गई है। यह उन्हें कई ग्लोबल सितारों से भी अमीर बना देता है। Taylor Swift ($1.3 बिलियन), Arnold Schwarzenegger ($1.2 बिलियन), Jerry Seinfeld ($1.2 बिलियन) और Selena Gomez ($720 मिलियन) जैसी हस्तियां अब उनसे पीछे हैं।
यह उपलब्धि दिखाती है कि भारतीय सिनेमा और भारतीय उद्यमिता दोनों वैश्विक स्तर पर नई ऊँचाइयों को छू रहे हैं।
For more Update http://www.dainikdiary.com
